Sunday, March 8, 2020

अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस: पीएम मोदी के ट्विटर अकाउंट से सफल महिलाओं ने क्या शेयर किया?

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। एक ट्वीट संदेश में PM मोदी ने नारी शक्ति की भावना और उपलब्धियों को नमन किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे आज साइन ऑफ कर रहे हैं और आज दिन भर, जीवन के विभिन्‍न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली सात महिलायें अपनी जीवन-यात्रा को उनके सोशल मीडिया एकाउंट्स पर लोगों के साथ साझा करेंगी। उन्‍होंने कहा कि वे संभवत: लोगों के साथ संवाद भी करेंगी।

प्रधानमंत्री के ट्वीटर एकाउंट पर अपनी जीवन-यात्रा साझा करते हुए स्‍नेहा मोहनदास ने कहा कि अपनी माता से प्रेरित होकर, उन्‍होंने बे-घर लोगों को भोजन उपलब्‍ध कराने के लिए फूडबैंक इंडिया की स्‍थापना की। इसने ने भूखे लोगों को भोजन कराने के लिए लंगर लगाने और शिशुओं को स्‍तनपान कराने के बारे में महिला जागरूकता बढ़ाने के अभियान भी शुरू किए हैं।

दिव्‍यांगता क्षेत्र में कार्य करने वाली और प्रेरक वक्‍ता डॉ. मालविका अय्यर ने कहा कि विकलांगता के साथ जुड़ी हीन भावना से निपटने के लिए सकारात्‍मक दृष्टिकोण बहुत महत्‍वपूर्ण है। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिला दिवस पर उन्‍हें अपने विचार साझा करने का जो मौका दिया है उससे उनका यह विश्‍वास दृढ़ हो गया है कि भारत दिव्‍यांगता को लेकर सदियों पुराने अंधविश्‍वासों को दूर करने की दिशा में सही कदम बढ़ा रहा है।

इसी क्रम में अपने जीवन के अनुभवों के बारे में जानकारी देते हुए जल संरक्षण आंदोलनकारी कल्‍पना रमेश ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों का बड़ा असर हो सकता है। उन्‍होंने कहा कि पानी हमारी अमूल्‍य धरोहर है और हमें ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जिससे हमारी आने वाली पीढि़यां इससे वंचित रह जायें। उन्‍होंने कहा कि आम आदमी जिम्‍मेदार तरीके से पानी का इस्‍तेमाल करके, वर्षा जल के संरक्षण, झीलों को नष्‍ट होने से बचाने के उपाय करके, इस्‍तेमाल हो चुके पानी को साफ करके फिर से इस्‍तेमाल में लाकर और लोगों में जागरूकता पैदा करके जल संरक्षण में अपना योगदान कर सकते हैं।

कश्‍मीर से नमदा दस्‍तकार आरिफा ने ट्वीट किया कि उन्‍होंने हमेशा कश्‍मीर की शिल्‍पकला परम्‍परा को फिर से जीवित करने का स्‍वप्‍न देखा था क्‍योंकि इससे स्‍थानीय महिलाओं का सशक्‍तीकरण होता है। आरिफा ने कहा कि सबसे पहले नई दिल्‍ली में हस्‍तनिर्मित वस्‍तुओं की प्रदर्शनी में  भाग लेने का मौका मिला था, जहां उन्‍हें अच्‍छी आमदनी हुई और उनके ग्राहकों की संख्‍या भी बढ़ी। उन्‍होंने कहा कि अपने अनुभव से वह कह सकती हैं कि जब पराम्‍पराओं को आधुनिकता से जोड़ा जाता है तो आश्‍चर्यजनक उपलब्धियां प्राप्‍त होती हैं। उन्‍होंने महिलाओं से आत्‍मनिर्भर होकर दूसरी महिलाओं की मदद करने का आग्रह भी किया। आरिफा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल पर मौका देकर उनका हौंसला बढ़ाया है।

यह भी पढ़ें:

सरकार ईमानदार लोगों के साथ है और भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ाई से निपटेगी: पीएम मोदी

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा – पूरी तरह सुरक्षित है Yes Bank के खाताधारकों का पैसा



from देश – Navyug Sandesh https://ift.tt/2VW91im

No comments:

Post a Comment